फरीदाबाद | केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के राज्य मंत्री राजेश नागर ने शनिवार को पल्ला सेहतपुर में सड़क, सीवरेज और पीने के पानी की लाइन डालने का शुरू करवा दिया. बीते काफी समय से यहां के लोग जल भराव, खराब रोड सहित अन्य मुद्दों को लेकर परेशान थे. लोगों ने अपना मुद्दा प्रशासन के सामने कई बार रखा, फिर भी उन्हें समाधान नहीं मिल पाया, लेकिन अब उनकी परेशानियों का हल होता दिखाई दे रहा है.

5 करोड़ 43 लाख की लागत से होगा काम
पल्ला से सेहतपुर तक सीवरेज लाइन और पीने की पाइपलाइन डालने के लिए कुल 5 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है. इसमें सीवरेज लाइन पर लगभग 3 करोड़ 14 लाख और पीने के पानी की लाइन पर लगभग 2 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत आने का अनुमान है.
ऐसा माना जा रहा है कि इन कामों के पूरा हो जाने के बाद यहां के निवासियों को पीने के साफ पानी समेत अन्य बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल पाएंगी. जल भराव की समस्या से भी निजात मिलेगी. इस प्रकार यहां के 3 से 5 लाख लोगों को सीधे तौर पर से फायदा होगा, क्योंकि यहां से होते हुए पांच वार्डो के लगभग 20 से 25 कॉलोनियों के लोग निकलते हैं.
जनता को दी जाएंगी सभी सुविधाएं
इस दौरान राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की और अग्रसर है. इसी कड़ी में स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए विकास कार्यों की शुरुआत की गई है. वहीं, सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है. प्रदेश के हर एक नागरिक तक विकास की रोशनी पहुँचाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है.