हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि आमतौर पर 14 मई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान उत्तर- पूर्वी हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं. इसके अलावा, एक और पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा जिस कारण बीच- बीच में आंशिक बादलवाही और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं.
राज्य में हवाओं और गरज चमक के साथ कहीं- कहीं बूंदाबांदी या हल्की बरसात की भी संभावना बनी हुई है. इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
कल ऐसा रहा मौसम
कल शुक्रवार को चरखी दादरी, रोहतक, हिसार और जींद में बरसात के बाद मौसम करवट लेता नजर आया. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिला. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नारनौल के तापमान में देखी गई, जहां का तापमान 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी के बाद 33.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अंबाला का तापमान 0.4 डिग्री गिरकर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
2 दिन ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग द्वारा आज भी राज्य के 6 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में बरसात की 25% तक संभावना जताई गई है. इसके अलावा बाकी जिलों में मौसम खुश्क बने रहने के आसार हैं. आज विभाग द्वारा आंधी- तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. कल रविवार को तीन जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में 25 से 50%, जबकि 14 जिलों कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25% तक बरसात के आसार बताए गए हैं.
इस दौरान आंधी, आसमानी बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 12 मई को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और 13 मई को भी पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में बरसात की संभावना जताई गई है.
