हिसार, Weather Update | हरियाणा में मई का महीना शुरू होते ही मौसम खुशनुमा बना हुआ है. पिछले अप्रैल के महीने में भीषण गर्मी ने जहां लोगों के पसीने छुड़ा दिए. वहीं, मई की शुरुआत से ही लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है. आए दिन होने वाली बरसात से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज भी प्रदेश के 6 जिलों में बरसात के आसार बताए गए हैं.
इन जिलों में होगी बरसात
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज 6 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में बरसात की 25% तक संभावना बताई गई है. इस दौरान बाकी जिलों में मौसम खुश्क बना रहेगा. आज प्रदेश के किसी जिले में आंधी तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर मदन लाल खीचड़ द्वारा जानकारी दी गई कि 14 मई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच- बीच में आंशिक बादलवाही और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के भी आसार बने हुए हैं. इस दौरान गरज- चमक के साथ कहीं- कहीं बूंदाबांदी और हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग द्वारा कल 11 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में आंधी, गरज- चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का असर बताया गया है. उसके बाद, 12 और 13 मई को प्रदेश भर में साफ मौसम रहने की संभावना बनी हुई है.
