हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा के कई जिलों में कल 12 मई देर शाम अचानक से मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बरसात का सिलसिला शुरू हो गया. मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन कई जगह बिजली सप्लाई बाधित होने, पेड़ गिरने जैसी जानकारियां भी सामने आई हैं. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज भी प्रदेश के कई जिलों में बरसात होने की संभावना जताई गई है.
7 जिलों में आज बारिश की संभावना
विभाग द्वारा जारी ताजा अलर्ट की मानें, तो आज मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों में बरसात होने की 25% तक संभावना बनी हुई है. बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा. जिन जिलों में बरसात के आसार बताए गए हैं, वहां बादल छाने, गरज चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना बताई गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4 दिनों 13 से 16 मई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बरसात के आसार बने हुए हैं. आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में बरसात के आसार बने हुए हैं. कल 14 मई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 25% तक बरसात होने की संभावना बनी हुई है.
अगले 4 दिन ऐसे रहेंगे हालात
अगले दिन 15 मई को प्रदेश के 7 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला में और 16 मई को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला में बरसात की 25% तक संभावना बनी हुई है. इस दौरान बाकी जिलों में खुश्क मौसम बना रहेगा. सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली. वहीं, 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा गर्म जिला रोहतक रहा.
तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गुरुग्राम में देखने को मिली. यहां का तापमान 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के बाद 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
