चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में हाल ही के कुछ समय से हो रही बरसात से मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब धीरे- धीरे फिर से तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो चुका है. दिन के समय सूरज देवता आग उगलते नजर आते हैं. वहीं, रात भी गर्म हो चुकी हैं. आलम यह है कि जो तापमान 37 या 38 डिग्री दर्ज किया जा रहा था, वह अब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. गुरुवार को 45 डिग्री तापमान के साथ फरीदाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. इन सबके बीच मौसम विभाग द्वारा राहत भरी खबर दी गई है.
इन जिलों में बरसात की संभावना
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज 16 मई को कैथल और जींद जिलों में बरसात की 25% तक संभावना बनी हुई है. वहीं, आने वाले 4 दिनों 16 मई से 19 मई तक बरसात का पूर्वानुमान जारी किया गया है. कल 17 मई को आठ जिलों- सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और मेवात में 25% तक बरसात की संभावना बनी हुई है. इस दौरान बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
अगले दिन 18 मई को मौसम शुष्क बना रहेगा. अगले दिन 19 मई को 6 जिलों- पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल में 25% तक बरसात के आसार बने हुए हैं. इस दौरान बादल छाने, गरज चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार हैं.
फरीदाबाद रहा सबसे गर्म
कल वीरवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. फरीदाबाद के बोपानी एरिया का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों की अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भिवानी जिले में दर्ज की गई. यहां का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस के इज़ाफ़े के बाद 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
