चंडीगढ़ | बढ़ती महंगाई के बीच हरियाणा वासियों के लिए एक और टेंशन भरी खबर सामने आ रही है. दरअसल, कुछ समय पहले ही अमूल दूध द्वारा रेट में बढ़ोतरी की गई थी. अब इसी कड़ी में बल्लभगढ़ स्थित वीटा डेयरी प्लांट (Vita Dairy Plant) ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है. 17 मई 2025 से यह कीमतें लागू हो जाएंगी. इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम बढ़ा दिए थे.
उत्पादन में गिरावट के कारण बढ़ोतरी
बल्लभगढ़ प्लांट से वीटा का दूध फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, डबुआ कॉलोनी, एयरफोर्स स्टेशन और एनएसजी मानेसर में भेजा जाता है. यहां प्रतिदिन एक लाख लीटर दूध की आपूर्ति की जाती है. इस बारे में जानकारी देते हुए प्लांट के सीईओ सुखदेव सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम के चलते दूध उत्पादन में कमी आ जाती है, जिससे आपूर्ति पर असर पड़ता है. परिणामस्वरूप उत्पादन लागत में भी बढ़ोतरी होती है. डेयरी किसानों को उनकी लागत का उचित मूल्य दिलवाने के लिए यह बढ़ोतरी की गई है. बता दें इससे पहले 5 जून 2024 को वीटा द्वारा अपनी कीमतों में संशोधन किया गया था.
इतनी हुई कीमतें
वीटा डेयरी ने अपने कई तरह के दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं. अब बफेलो A2 दूध का 500 मिलीलीटर पैक 37 रुपये का और 1 लीटर पैक 73 रुपये का मिलेगा. फुल क्रीम दूध की नई कीमत 500 मिलीलीटर के लिए 35 रुपये और 1 लीटर के लिए 69 रुपये रखी गई है. टोंड दूध का 500 मिलीलीटर पैक अब 29 रुपये और 1 लीटर पैक 57 रुपये में मिलेगा. वहीं, स्टैंडर्ड दूध के 500 मिलीलीटर की कीमत 32 रुपये और 1 लीटर की 64 रुपये कर दी गई है. डबल टोंड दूध 500 मिलीलीटर के लिए 26 रुपये और 1 लीटर के लिए 51 रुपये में मिलेगा.
बड़े पैक की बात करें तो फुल क्रीम दूध का 6 लीटर पैक 408 रुपये और टोंड दूध का 6 लीटर पैक 336 रुपये में मिलेगा. हालांकि, कुछ पैक जैसे फुल क्रीम दूध (160 मिलीलीटर), डबल टोंड दूध (180 मिलीलीटर), फैमिली पैक (450 मिलीलीटर) और A2 काउ मिल्क (500 मिलीलीटर) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
