नूंह | हरियाणा के नूंह में मध्यवर्ती पंचायत राज उपचुनाव आगामी 15 जून को कराए जाएंगे. इन उपचुनावों में एक जिला पार्षद, 12 सरपंच और 54 पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा. हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है. जिला पार्षद पद के लिए खर्च सीमा 6 लाख रुपये, सरपंच पद के लिए 2 लाख रुपये और पंच पद के लिए 50 हजार रुपये तय की गई है.
यहां होगा जिला पार्षद पद का चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने जानकारी दी कि जिला परिषद के वार्ड नंबर 17 में चुनाव होंगे. इस वार्ड में मोहम्मदाबाद, नसीराबाद, नावली, हीरवाड़ी, बागोला, मधापुर, रानियाली, रवा, साकरस, भाई खेड़ा, गुर्जर नगला, शेखपुर और महूं गांव शामिल हैं.
इन गांवों में होंगे सरपंच पद के चुनाव
सरपंच पद के लिए ब्लॉक इंडरी के रोजकामेव और नवाबगढ़ गांव में चुनाव होंगे. तावडू उपमंडल के गांव चीला, सालहाका, डालावास और भाजलाका में भी सरपंच उपचुनाव होंगे. इसके अलावा, फिरोजपुर झिरका के हीरवाड़ी और बावनथेड़ी, पुन्हाना के डुडोली, बढ़ाई, भूरियाकी और ब्लॉक पिनगवा के जालिका व चांदड़ाका गांव में सरपंच पद के उपचुनाव कराए जाएंगे.
यहां होंगे पंचों के उपचुनाव
उपमंडल नूंह के वार्ड नंबर 13 के तहत बडवा, धांदुका, पल्ला चंदेनी, मरोड़ा, देवला नंगली, बड़का, अलीमुद्दीन और कोटला में उपचुनाव होंगे. ब्लॉक इंडरी के वार्ड 4 में खानपुर, खेड़ली कंकर, माछरौली और कुरथला शामिल हैं. तावडू के वार्ड नंबर 15 में सालहाका, भांगोह, डाडु, धूलावट, जलालपुर सोहना, झामुवास, कलरपुरी, खोरी खुर्द, मालहाका, सुनारी, सराय, शिकारपुर, जाफराबाद और शीलको गांवों में भी उपचुनाव होंगे.
यहां भी होंगे उपचुनाव
ब्लॉक नगीना के वार्ड 3 में गंडुरी, मोहम्मद नगर और उमरी में उपचुनाव होंगे. फिरोजपुर झिरका के वार्ड 8 के तहत बांसखेड़ा, हीरवाड़ी बावनथेड़ी, मोहम्मदाबाद पोल और रानयाली गांव शामिल हैं. पुन्हाना के वार्ड 6 में भूरियाकी, हाथनगांव, झाडोली, जमालगढ़ और नाहरपुर गांव तथा पिनंगवा के वार्ड 5 में सुल्तानपुर पुनहाना, ओथा और मुंढेता गांवों में भी उपचुनाव होंगे.
यह रहेगा चुनाव कार्यक्रम
24 मई से 30 मई 2025 तक सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 31 मई को सुबह 10:00 बजे से होगी. नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 2 जून दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित की गई है. मतदान 15 जून को होगा, जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे.
