हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में आमतौर पर 26 मई तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा. इस दौरान पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. इस कारण दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, लेकिन बीच-बीच में हल्की बादलवाही देखने को मिलेगी. इसके साथ ही धूल भरी हवाएं चलने के भी आसार बने हुए हैं.
27 मई से मौसम में बदलाव की संभावना
उसके बाद 26 मई की रात से हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में परिवर्तन दर्ज किया जाएगा. 27 मई से 29 मई के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हवाओं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है. वहीं, कुछ स्थानों पर तेज बरसात के भी आसार बने हुए हैं. इस कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.
कई जिलों में लू और बरसात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा शनिवार को प्रदेश के 7 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है और 5 जिलों में बरसात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग द्वारा आने वाले चार दिनों 24 से 27 मई तक बरसात का पूर्वानुमान जारी किया गया है.
इन जिलों में होगी बारिश:
- 24 मई को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और करनाल
- 25 मई को 6 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल
- 26 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत
सिरसा बना सबसे गर्म जिला
शुक्रवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया. 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सिरसा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा. अन्य जिलों के तापमान की बात करें तो पंचकूला का 35.5 डिग्री, अंबाला का 37.6 डिग्री, यमुनानगर का 30.4 डिग्री, करनाल का 35.4 डिग्री, जींद का 36.2 डिग्री, पानीपत का 35.4 डिग्री, गुरुग्राम का 35 डिग्री, सोनीपत का 35.6 डिग्री, फरीदाबाद का 35.2 डिग्री, पलवल का 37.1 डिग्री, रेवाड़ी का 38.1 डिग्री, महेंद्रगढ़ का 41.4 डिग्री, चरखी दादरी का 38.7 डिग्री, भिवानी का 40.1 डिग्री, रोहतक का 39 डिग्री, हिसार का 41.4 डिग्री, सिरसा का 44 डिग्री और फतेहाबाद का 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
