हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार सूबे में लड़कियों को शिक्षित करने की दिशा में अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है ताकि बेटियां पढ़-लिखकर अपने जीवन की रूपरेखा बदल सकें. इसी कड़ी में बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक नई पहल की है, जिसका सीधा फायदा गरीब परिवारों की लड़कियों को मिल रहा है.
इलेक्ट्रिक स्कूटी की खरीद पर 50 हजार की मदद
हरियाणा सरकार के श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत मजदूरों की बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी की खरीद पर 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि का लाभ दिया जा रहा है. श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों की लड़कियां ही इस योजना का लाभ उठाने की पात्र होंगी. सरकार का कहना है कि आर्थिक तंगी के चलते लड़कियां पढ़ाई न छोड़ें, इसी उद्देश्य से इस योजना को धरातल पर उतारा गया है. इसके अलावा भी प्रदेश सरकार लड़कियों को मुफ्त बस सेवा और छात्रवृत्ति जैसी अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है.
इस योजना के तहत हिसार जिले की बात करें तो यहां गांव सीसवाला में कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक प्रवीण घोड़ेला ने बताया कि उन्होंने गत एक वर्ष में 25 मजदूर परिवारों की बेटियों को इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक स्कूटी का लाभ उपलब्ध कराने का काम किया है.
भीड़-भाड़ के सफर से मिलेगा छुटकारा
जिन मजदूर परिवारों की बेटियों को इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक स्कूटी मिली है, उनका कहना है कि इससे बेटियों को स्कूल- कालेज जाने में आसानी होगी. लड़कियों को न केवल बसों के भीड़-भाड़ भरे सफर से छुटकारा मिलेगा बल्कि साथ ही समय की बचत भी होगी. चौधरी भजनलाल राजकीय कालेज, बालसमंद के प्राचार्य ने बताया कि छात्राएं फॉर्म भरकर इस योजना का लाभ उठा सकती है. सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक स्कूटी की खरीद पर 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है.
