हिसार | हरियाणा के लिए शिक्षा के क्षेत्र से एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां हिसार निवासी छात्रा दीप्ति ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मेनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी ज्वाइंट एंट्रेस एग्जाम (NCHMCT- JEE 2025) में ऑल इंडिया रैंक में नंबर- 1 स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है.
होटल मैनेजमेंट परीक्षा में दीप्ति अव्वल
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली इस परीक्षा में देशभर से हजारों अभ्यर्थी शामिल होते हैं. NCHMCT द्वारा BSC डिग्री इन हॉस्पिटेलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन के कोर्स के तहत अभ्यार्थी देश के विभिन्न उत्कृष्ट संस्थान जैसे I.H.M मुम्बई, हैदराबाद और लखनऊ में एडमिशन ले सकते है. इस परीक्षा में दीप्ति ने शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल अपने माता- पिता, बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश का गौरव बढ़ाया है.
दीप्ति की इस विशेष उपलब्धि पर घर- परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल बना हुआ है. उन्होंने दीप्ति द्वारा आल इंडिया में नंबर-1 रैंक हासिल करने पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. दीप्ति ने बताया कि उन्होंने कक्षा 10वीं में 96.4% अंक और कक्षा बारहवीं में भी 96.4% अंक हासिल किए थे.
इस तरीके से हासिल की सफलता
दीप्ति ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम से पूरी तरह दूरी बनाते हुए इस कीर्तिमान को स्थापित किया है. उन्होंने मोबाइल देखना गलत नहीं बताया बल्कि कहा कि मोबाइल पर आप क्या देखते हैं, वो बातें मायने रखती है. दीप्ति ने बताया कि यदि आप Reels देखते हैं तो आपकी याददाश्त कमजोर हो जाती है. वहीं, अगर आप अच्छे Videos देखते हैं, तो आपकी याददाश्त तेज होती है.
उन्होंने योगा और मेडिटेशन पर फोकस करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे आपको एकाग्रता बनाए रखने में मदद मिलती है. आप अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करेंगे तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी.
