सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत जिले (Sonipat District) के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर की बदहाल निकासी व्यवस्था में सुधार करने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े. नगर निगम ने नालों के निर्माण, मरम्मत और संचालन के लिए 4.95 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है.

सोनीपत नगर निगम की इस योजना से न केवल शहर की निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि मानसूनी सीजन में जलभराव से भी शहर को मुक्ति मिलेगी. डिस्पोजल संचालन, सीवरेज लाइन सफाई और मरम्मत के साथ ही कई क्षेत्रों में नई लाइन दबाने को लेकर भी निगम ने योजना बनाई है. नगर निगम द्वारा मंजूरी के लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई है और वहां से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण एजेंसियों को काम आवंटित कर दिया जाएगा.
इन जगहों पर होगा काम
शहर के शहर गीता भवन चौक, मामा- भांजा चौक, एटलस रोड राम मंदिर के पास, ओल्ड डीसी रोड, आईटीआई रोड, कच्चे क्वार्टर, आईटीआई रोड, मामा- भांजा रोड पर मेमोरियल अस्पताल के पास, मुरथल अड्डा, लाल दरवाजा, दयाल चौक, पुरखास अड्डा, बस स्टैंड के पास सिटी मॉल, सेक्टर- 14 मार्केट, सेक्टर- 14 कम्यूनिटी सेंटर, सेक्टर- 27 स्थित पुलिस थाना, बहालगढ़ रोड स्थित ओसराम फैक्ट्री के पास, खन्ना कॉलोनी, ऋषि कॉलोनी, सुभाष स्टेडियम, ज्ञान नगर, ककरोई चौक, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली और रोहतक रोड पर जर्जर होकर बंद हो चुके नालों की वजह से पानी आगे नहीं जा पाता है. इसके चलते यहां जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. ऐसे में नगर निगम द्वारा यहां नए नालों का निर्माण, मरम्मत और संचालन की योजना बनाई गई है.
जर्जर डिस्पोजल लाइन बदलेगा निगम
पश्चिमी शहर की पानी निकासी का सबसे बड़ा माध्यम शंभूदयाल डिस्पोजल है. यहां से पानी को आगे ड्रेन नंबर- 6 में जा रही लाइन से आगे भेजा जाता है. यह डिस्पोजल लाइन सालों पुरानी हो चुकी है, जो दबाव बढ़ने पर कई बार फट चुकी है. इसके चलते आसपास के इलाकों में सीवर ओवरफ्लो रहता है. बरसात के मौसम में सारंग रोड अंडरब्रिज में जलभराव हो जाता है. अब नगर निगम द्वारा इस लाइन को नए सिरे से बिछाया जाएगा.
मजबूत करेंगे यह प्रोजेक्ट
- सेक्टर- 14 में स्टार्म तकनीक पर 1.12 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
- विशाल नगर और ब्रह्म नगर की सीवरेज लाइन को बदला जाएगा.
- प्रगति नगर में जेल के पीछे सीवर लाइन बिछाई जाएगी.