भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की कंपार्टमेंट और अंक सुधार परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है. यह परीक्षाएं जुलाई के महीने में आयोजित होंगी. इस विषय में जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार और सचिव डॉ. मनीष नागपाल ने बताया कि बोर्ड द्वारा सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) की 1दिवसीय कंपार्टमेंट परीक्षा और सेकेंडरी (शैक्षिक) की कंपार्टमेंट (EIOP), पूर्ण विषय एवं अंक सुधार परीक्षाओं का आयोजन जुलाई महीने में किया जाएगा.
4 जुलाई से शुरू होंगी परीक्षाएं
उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) की कंपार्टमेंट की एक दिवसीय परीक्षा 4 जुलाई को होगी. इसी प्रकार सेकेंडरी (शैक्षिक) की कंपार्टमेंट (EIOP), पूर्ण विषय एवं अंक सुधार परीक्षाएं 5 जुलाई से शुरू होंगी और 14 जुलाई तक संचालित की जाएंगी. इन सभी परीक्षाओं की डिटेल डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दी गई है. संबंधित विद्यार्थी वेबसाइट से इस डेटशीट को डाउनलोड कर सकते हैं.
दोपहर 2:00 से 5:30 बजे का समय
उन्होंने जानकारी दी कि इन परीक्षाओं का समय दोपहर 2:00 से 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है. विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध करवा दी जाएगी. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से विजिट करें.
