हरियाणा की बेटी इशिता उड़ाएगी फाइटर प्लेन, पिता के एक फोन कॉल ने बदली जिंदगी

चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले की बेटी इशिता सांगवान फाइटर प्लेन उड़ाएगी. बता दें कि इशिता 2022 में नेशनल डिफेंस अकेडमी (NDA) की परीक्षा पास करने के बाद पुणे में एनडीए से ग्रेजुएशन करने वाली 17 महिला कैडेट्स के पहले बैच का हिस्सा थी. वह गांव छपार की रहने वाली है. ट्रैनिंग पूरी कर मंगलवार को अपने पैतृक गांव पहुंची इशिता सांगवान का ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया.

image

पिता के फोन कॉल से बदली जिंदगी

पिता चरण सिंह सांगवान ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त, 2021 में महिलाओं को NDA परीक्षा देने की अनुमति प्रदान की थी. उस दौरान इशिता JEE की तैयारी कर रही थी. तब उन्होंने बेटी को फोन कर JEE की बजाय NDA में आने की सलाह दी. यही इशिता के जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ और उसने NDA में आने का फैसला किया और अब ट्रैनिंग पूरी कर विशेष उपलब्धि हासिल की है.

हैदराबाद में होगी स्पेशल ट्रैनिंग

इशिता सांगवान ने बताया कि उन्हें NDA के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं थी. मेरे परिवार से कोई भी सदस्य डिफेंस में नहीं था तो सबकुछ मेरे लिए नए जैसा था, लेकिन मेरे माता- पिता का हर कदम पर भरपूर सहयोग मिला. खासकर मेरी मां की मोटिवेशनल शक्ति ने इस सफलता में विशेष योगदान दिया है. अब सेना में वर्दी पहनकर देशसेवा करने का सपना पूरा हो गया है.

उन्होंने बताया कि अब वे 3 साल की ट्रैनिंग पूरी कर चुकी हैं. वे फाइटर जेट पायलट बनेगी, जिसके लिए उनकी 1 साल की स्पेशल ट्रैनिंग हैदराबाद में होगी. मां अनिता सांगवान ने बताया कि बेटी की उपलब्धि पर इस कदर खुशी हैं कि शब्दों में बयां नहीं की जा सकती है. उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटी इशिता सांगवान ने पूरे भारत में गांव का नाम रोशन किया है. अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.