नूंह | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) शुक्रवार को मेवात विकास बोर्ड की 31वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने मेवात के विकास को लेकर अनेक योजनाओं की घोषणा की. मेवात इलाके के विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर में सुधार लाने के लिए CM सैनी द्वारा 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ा ऐलान किया गया.
अच्छे अंकों पर मिलेगा नकद पुरस्कार
उन्होंने कहा कि इन कक्षाओं में 90% से ज्यादा अंक लाने वाले सामान्य और अन्य वर्ग के विद्यार्थियों को ₹51,000 प्रति छात्र और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को ₹1,11,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इस राशि को मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के रूप में वितरित किया जाएगा. CM सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों को अच्छा शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के लिए इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्णय लिया कि मेवात में चल रहे राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल का संचालन शिक्षा विभाग के तत्वावधान में हो रहा है, लेकिन अब इसकी देखरेख मेवात विकास प्राधिकरण द्वारा की जाएगी.
जल्द शुरू होंगे यह काम
गांव आकेरा में यूनानी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी. इसके लिए टेंडर जारी कर जल्दी निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा. वहीं फिरोजपुर झिरका में भी मेवात मॉडल कॉलेज का निर्माण जल्द से जल्द शुरू करवाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि छपेड़ा में ड्राइविंग प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान के भवन निर्माण की प्रक्रिया अक्टूबर 2025 से शुरू कर दी जाएगी.
शहीद हसन खां मेवाती के नाम से संग्रहालय का निर्माण करवाया जाएगा. इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा ₹13.5 करोड़ की लागत से नूंह जिला मुख्यालय पर खेल परिसर का निर्माण करवाने की भी मंजूरी प्रदान की गई.
आज नूंह में आयोजित मेवात विकास बोर्ड की 31वीं बैठक की अध्यक्षता की।
इस बैठक में निर्णय लिया गया कि अब “मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना” के तहत मेवात क्षेत्र में बच्चों के शिक्षा स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से 10वीं और 12वीं कक्षाओं में 90% से अधिक अंक लाने वाले… pic.twitter.com/4FCpiDFSVC
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) June 6, 2025
महिलाओं, छात्रों के लिए भी हुए एलान
नूंह में ऑडिटोरियम का निर्माण करने, तावडू ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह की स्वयंसेविका महिलाओं के लिए हुनर हाट की स्थापना करने, मेवात मॉडल स्कूल फिरोजपुर झिरका में लड़कियों के लिए छात्रावास बनाने को हरी झंडी प्रदान की गई. इसके अलावा, लाइब्रेरी का निर्माण करने, कौशल नवाचार केंद्र खोलने, अरावली क्षेत्र में जल संचयन प्रणाली को विकसित करने, व्यावसायिक कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने, मुख्यमंत्री मेवात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना शुरू करने आदि की घोषणाएं की गईं.
