सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. खुशी की बात यह है कि सोनीपत जिले को जल्द ही नए बस स्टैंड (Bus Stand) की सौगात मिलेगी और इसका निर्माण शहर से बाहर किया जाएगा ताकि बसों को शहर की भीड़- भाड़ से छुटकारा मिल सके और यात्रियों का सफर आसान हो सकें.
यहां पर बनेगा नया बस अड्डा
सोनीपत में नए बस स्टैंड निर्माण के लिए पहले सेक्टर- 7 में जगह दी गई थी. यहां 4.06 एकड़ जमीन ग्रीन बेल्ट में थी. 1 एकड़ से ज्यादा सड़क निर्माण के लिए थी. ऐसे में यहां बस स्टैंड निर्माण की संभावना बेहद कम थी. अब जाट जोशी गांव में साढ़े 9 एकड़ जमीन पर नया बस अड्डा बनाने की योजना बनाई गई है. इस संबंध में डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की जिम्मेदारी एडवाइजर को सौंपी गई है. इसी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
जाट जोशी गांव में प्रस्तावित नए बस स्टैंड का निर्माण प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (PPP) मोड में किया जाएगा. जहां यात्रियों को फूड कोर्ट, शापिंग कॉम्प्लेक्स, पीने का साफ पानी, डिजिटल डिस्प्ले, स्वचालित सीढियां और आधुनिक शौचालय सहित कई अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
योजना में देरी पर लोगों में नाराजगी
लोगों का कहना है कि सोनीपत शहर के बीच स्थित पुराना बस स्टैंड ट्रैफिक जाम की समस्या बनाएं रखता है. बस स्टैंड तक आने के दौरान बसों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है और यात्रियों का भी कीमती समय व्यर्थ हो रहा है. लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं लेकिन अभी तक नए बस स्टैंड निर्माण के लिए जगह चिह्नित करने का ही काम हो रहा है. उन्होंने बताया कि शहर से बाहर बस स्टैंड निर्माण से यात्रियों को ट्रैफिक जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी. सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में कदम आगे बढ़ाने चाहिए.
