रोहतक | हरियाणा की रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर आ रही है. अब यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार एक नई पहल की शुरुआत करने वाली है. रोडवेज विभाग द्वारा ट्रेन की तरह अब बसों की लोकेशन मोबाइल पर देखने की सुविधा प्रदान की जाएगी. अगर कोई व्यक्ति बस स्टैंड या किसी स्टॉप पर खड़ा है, तो वह इस बात को जान पाएगा कि उसकी बस कहां है और वह कितनी देर में पहुंचेगी.
रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम का ट्रायल शुरू
रोडवेज विभाग द्वारा यात्रा की सुविधा के लिए बसों में रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम का ट्रायल शुरू किया गया है. पहले फेस के दौरान प्रदेश की डेढ़ सौ बसों को इससे जोड़ दिया गया है. इसमें रोहतक डिपो की 10 एसी बसें भी शामिल की गई हैं. रेलवे के पैटर्न पर इस पूरे सिस्टम को तैयार किया गया है. इस सिस्टम के तहत, रोडवेज मुख्यालय में एक कंट्रोल सिस्टम बनाया गया है, जिसमें सभी ट्रायल बसों की मूवमेंट को देखा जा रहा है.
देख सकेंगे बस की लाइव लोकेशन
कौन सी बस बस अड्डे से कितने बजे चली है और वर्तमान में वह कहां है, इसकी हर पल की मूवमेंट मॉनिटर की जा रही है. यात्री यह सारी जानकारी एक ऐप के माध्यम से देख सकेंगे. इसके लिए यात्रियों को एक ऐप डाउनलोड करना होगा, जिस पर बस की लाइव लोकेशन देखी जा सकेगी. इससे यात्रियों को बस स्टैंड पर खड़े होकर अपनी बसों का काफी लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
अधिकारियों का कहना है कि 1 सप्ताह में यह ट्रायल पूरा हो जाएगा. उसके बाद इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर लॉन्च कर दिया जाएगा. विभाग का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल होता है, तो दूसरे चरण के तहत सामान्य बसों में भी इस सुविधा को लागू किया जाएगा.
