भिवानी, Haryana Weather Update | हरियाणा में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मई का महीना मौसम के लिहाज से कुछ हद तक सामान्य रहा, लेकिन जून के आते ही गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है. गर्मी का असर इतना अधिक है कि जानवर और पक्षी तक बेहाल नजर आते हैं. मौसम विभाग की मानें, तो अभी इस भीषण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है.
लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों तक प्रदेश में लू चलने की संभावना है. बुधवार को हरियाणा के 9 जिलों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. गुरुवार को भी प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी रहा. हालांकि, शुक्रवार को मौसम में हल्का बदलाव हो सकता है. कुछ जिलों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन जिलों में 11 जून को अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 11 जून को हरियाणा के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला शामिल हैं. वहीं पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल जैसे 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
12 जून को इन जिलों में रहेगा येलो अलर्ट
12 जून को हरियाणा के 15 जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं. वहीं शेष सात जिलों को ग्रीन ज़ोन में रखा गया है.
तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी
मंगलवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. सिरसा जिला 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा. बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिला. सबसे ज्यादा वृद्धि भिवानी में दर्ज की गई, जहां तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
