सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत (Sonipat) को जल्द ही एक नई यातायात सुविधा के रूप में मिनी बाईपास मिलने जा रहा है. यह बाईपास गोहाना रोड बाईपास से शुरू होकर डीक्रस्ट के पीछे से होते हुए गांव रेवली के पास मुरथल रोड को जोड़ेगा और फिर बहालगढ़ रोड तक पहुंचेगा. इसके निर्माण से नेशनल हाईवे 44 पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही, लोगों को आवागमन के लिए एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा.
6 महीने में काम पूरा
इससे पहले रोहतक रोड को ककरोई रोड से जोड़ने के लिए 2.5 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण शुरू हो चुका है. यह कार्य आगामी 6 महीनों में पूरा किया जाना है. इस 33 फीट चौड़े बाईपास के निर्माण के लिए पिछले वर्ष वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में 4 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई थी. यह बाईपास स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत का काम करेगा.
योजना को मिली मंजूरी
मई महीने में सोनीपत मेट्रो डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में गोहाना रोड बाईपास, मुरथल रोड और बहालगढ़ रोड को आपस में जोड़ने की योजना पर चर्चा की गई थी. यदि यहां टू- लेन सड़क का निर्माण होता है, तो यह क्षेत्रीय यात्रियों के लिए बड़ी सौगात होगी. इससे मुरथल रोड से सीधा बहालगढ़ रोड और गोहाना बाईपास तक बिना रुकावट के आवागमन संभव हो सकेगा.
