गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक और बड़ी खबर सामने आई है. यहां देश की नामी- गिरामी रियल एस्टेट कंपनी DLF एक लग्जरी आवास परियोजना विकसित करने के लिए करीब साढ़े 5 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी. कंपनी चालू वित्त वर्ष में उच्च मांग के आधार पर रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग हासिल करना चाहती है. सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि DLF जल्द ही गुरुग्राम के सेक्टर- 76/ 77 में 18 एकड़ की परियोजना ‘DLF प्रिवाना नॉर्थ’ शुरू करेगी, जिसमें 1,150 से ज्यादा अपार्टमेंट होंगे.
5,500 करोड़ अनुमानित लागत
DLF ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को विकसित करने पर अनुमानित लागत लगभग साढ़े 5 हजार करोड़ रुपए है. यह आगामी परियोजना 116 एकड़ की टाउनशिप ‘डीएलएफ प्रिवाना’ का हिस्सा है. इस टाउनशिप में कंपनी ने पिछले साल दो परियोजनाएं ‘डीएलएफ प्रिवाना वेस्ट’ और ‘डीएलएफ प्रिवाना साउथ’ शुरू की थीं और उन्हें करीब 12,800 करोड़ रुपये में पूरी तरह से बेच दिया था.
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने 2024- 25 में 21,223 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग दर्ज की है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष के 14,778 करोड़ रुपये से 44% ज्यादा है. DLF के MD अशोक त्यागी ने हाल ही में चालू वित्त वर्ष के लिए बिक्री बुकिंग का लक्ष्य 20,000- 22,000 करोड़ रुपये तय किया, जो पिछले वित्त वर्ष के लगभग समान दायरे में है.
कंपनी ने रखा यह लक्ष्य
पिछले महीने DLF होम डेवलपर्स लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक और मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने विश्लेषकों को सूचित किया कि कंपनी ने चालू तिमाही में इस नई परियोजना ‘प्रिवाना नॉर्थ’ को पेश करने का लक्ष्य रखा है.
