हरियाणा के इस सरकारी स्कूल ने विश्व स्तर पर बनाई पहचान, टॉप 10 की लिस्ट में हुआ शामिल

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के NIT- 5 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कारों की फाइनल सूची में शामिल किया गया है. इस बड़ी उपलब्धि ने हरियाणा प्रदेश का मान विश्व स्तर पर बढ़ाने का काम किया है. स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने की श्रेणी में इस विद्यालय का चयन हुआ है.

Faridabad School Student Yog

इस सम्मान को लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विद्यालय को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य स्कूलों को भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेनी चाहिए. इस सरकारी विद्यालय ने वैश्विक स्तर पर नए आयाम छूकर हरियाणा का नाम रोशन किया है.

1000 से अधिक छात्राएं ले रही शिक्षा

NIT- 5 स्थित इस स्कूल में 1000 से अधिक छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही हैं. यह विद्यालय समाज के हाशिए पर रह रही बालिकाओं के जीवन को शिक्षा, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक कल्याण के माध्यम से सकारात्मक रूप से बदलने का कार्य कर रहा है. इसी प्रयास को देखते हुए इस स्कूल को ‘स्वस्थ जीवन को बढ़ावा’ श्रेणी में विश्व के टॉप- 10 स्कूलों में जगह मिली है. यह विद्यालय आज छात्राओं की पहली पसंद बन गया है.

UPSC की परीक्षाओं का केंद्र

जिला प्रशासन इस विद्यालय को संघ लोक सेवा आयोग जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए केंद्र के रूप में भी चुनता है. यहां आस- पास की कॉलोनियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को शिक्षा देने के लिए शिक्षक घर- घर जाकर जागरूकता अभियान चलाते हैं. विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण चंद्र ने बताया कि यहां पोषण, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को शिक्षा से जोड़कर छात्राओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है.

आत्मरक्षा को मिल रही प्राथमिकता

आज के समय में बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा की जानकारी जरूरी है. इस विद्यालय में शिक्षक न केवल पढ़ाई में मार्गदर्शक हैं, बल्कि सलाहकार और परामर्शदाता के रूप में भी कार्य करते हैं. विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की जानकारी देने के लिए अभिभावकों को भी जागरूक किया जाता है. स्कूल परिसर में जामुन और अमरूद के पेड़ लगे हैं, जिनकी देखभाल छात्राएं स्वयं करती हैं. इससे उनमें पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित होती है. 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए मिड- डे- मील की व्यवस्था भी विद्यालय में की गई है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts