जींद | हरियाणा के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में एडमिशन को लेकर मेरिट लिस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 3 जुलाई को दाखिले को लेकर पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. जिन विद्यार्थियों का नाम लिस्ट में होगा, उनकी फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जाएगी.
8 जुलाई तक जमा करवा सकेंगे फीस
विद्यार्थी 8 जुलाई तक फीस जमा करवा पाएंगे. 27 जून तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. पहली मेरिट लिस्ट के बाद 9 जुलाई को जो सीटें खाली होंगी, उनकी सूची जारी की जाएगी. 9 से 10 जुलाई के दौरान विद्यार्थी ट्रेड्स में बदलाव कर पाएंगे. दूसरी मेरिट लिस्ट 11 जुलाई को जारी की जाएगी. जिन विद्यार्थियों का नाम इस लिस्ट में आएगा, वह 11, 12 और 14 जुलाई को फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवा पाएंगे और 15 जुलाई तक फीस जमा करवा पाएंगे.
22 जुलाई को आएगी तीसरी मेरिट लिस्ट
तीसरे राउंड के लिए खाली सीटों की सूची उसके बाद जारी की जाएगी. 16 से 19 जुलाई तक दोबारा से पोर्टल को खोला जाएगा, जिसमें विद्यार्थी अपनी ट्रेड में बदलाव कर पाएंगे. वहीं 22 जुलाई को तीसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. इस मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थी 26 जुलाई तक अपने दस्तावेजों की जांच करवा पाएंगे और 27 जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे.
जिले की 25 राजकीय और निजी आईटीआई में विभिन्न ट्रेड्स में 5484 सीटें हैं, जिनमें से 9 राजकीय आईटीआई में 2928 और 16 निजी आईटीआई में 2556 सीटें शामिल हैं. राजकीय आईटीआई की विभिन्न ट्रेड्स में अब तक 6600 आवेदन मिल चुके हैं.
