सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत के गोहाना से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां महम- जींद सड़क मार्ग के बीच जर्जर हालत में पहुंच चुके पश्चिमी मिनी बाईपास के निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है. अब इस बाईपास का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. निर्माण करने वाली कंपनी ने जर्जर रोड से बिटुमिनस की पुरानी लेयर को हटाना शुरू कर दिया है.
लंबे समय से अटका हुआ था काम
गोहाना शहर में महम- जुलाना- जींद रोड के बीच पश्चिमी मिनी बाईपास बना हुआ है. करीब 2 साल पहले इसका नए सिरे से निर्माण करने के लिए टेंडर लगाया गया था. टेंडर के बाद निर्माण कंपनी ने काम शुरू करते हुए एक लेन पर बिटुमिनस की लेयर बिछा दी थी. तब अधिकारियों ने मुख्यालय संशोधित प्रस्ताव भी भेजा था, जिसकी लंबे समय तक मंजूरी नहीं मिली. ऐसे में एक लेन पर लेयर बिछाने के बाद कंपनी ने काम बंद कर दिया था.
लंबे समय से एक लेन की स्थिति ठीक थी, जबकि दूसरी लेन बिल्कुल जर्जर हालत में पहुंच चुकी थी. अब प्रस्ताव की अड़चन दूर होने पर अधिकारियों से एजेंसी से काम शुरू करवा दिया है. एजेंसी ने जर्जर हिस्से में बिटुमिनस की लेयर को उखाड़ना शुरू कर दिया है. बाईपास पर अब दोनों लेन का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. 1 महीने के भीतर लगभग 2 किलोमीटर लंबे इस बाईपास पर बिटुमिनस की नए सिरे से लेयर बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा.
ट्रैफिक से मिलेगा छुटकारा
पश्चिमी मिनी बाईपास से ही बाहरी वाहनों की आवाजाही होती है. सोनीपत, गन्नौर, रोहतक, खरखौदा की तरफ से जो वाहन जींद, सफीदों, जुलाना या महम की तरफ जाते हैं. वे शहर के अंदर से आकर ही बाईपास पर पहुंचते हैं. ऐसे में जर्जर हालत में पहुंच चुके इस मिनी बाईपास के निर्माण से वाहन चालकों को राहत पहुंचेगी.
