हरियाणा में शहीद अग्निवीरों को 1 करोड़ देगी सरकार, वीरता पुरस्कार के लिए मिलेगी एकमुश्त नकद धनराशि

चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) ने अग्निवीरों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है. बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा दो अधिसूचनाएं जारी की गई है, जिसके तहत युद्ध में शहीद हुए अग्निवीरों को 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि और वीरता पुरस्कार विजेताओं को एकमुश्त नकद पुरस्कार का प्रावधान किया गया है. परमवीर चक्र विजेता को 2 करोड़ रुपए, महावीर चक्र और अशोक चक्र विजेता जवानों को 1-1 करोड़ रुपए का लाभ मिलेगा

Nayab Singh Saini

इन जवानों को मिलेगा लाभ

हरियाणा सरकार रक्षा और अर्धसैनिक बलों में युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिवारों को 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान कर रही है और पिछले महीने हुई मंत्रिमंडल की बैठक में अग्निवीरों को भी यह लाभ देने का फैसला कर चुकी हैं. युद्ध में शहीद जवानों में वे कर्मी शामिल होंगे, जो ऑपरेशनल क्षेत्रों या युद्ध, आतंकवादी या उग्रवादी हमले, सीमा पर झड़प और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में सेवा करते हुए अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हो जाते हैं.

वीर चक्र विजेता को मिलेंगे 50 लाख

एकमुश्त नकद पुरस्कार के लिए जारी अधिसूचना में बताया गया है कि युद्धकालीन वीरता पुरस्कारों में वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं को 50 लाख रुपए, सेना पदक और समकक्ष पुरस्कार विजेताओं को 21 लाख रुपए और मेंशन- इन- डिस्पैच (वीरता) पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपए मिलेंगे. युद्धकालीन पुरस्कार उन पुरस्कार विजेताओं पर लागू होते हैं, जिन्हें घोषित युद्ध के दौरान पुरस्कार मिलता है. पिछले मामलों को फिर से नहीं खोला जायेगा.

यह भी पढ़े -  न्यू चंडीगढ़ टेस्ट मैच, उमड़ा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब; शुभमन गिल का विकेट बना चर्चा का विषय

कीर्ति चक्र विजेता को मिलेंगे 51 लाख रुपए

शांति काल के वीरता पुरस्कारों में कीर्ति चक्र पुरस्कार विजेताओं को 51 लाख रुपए और शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं को 31 लाख रुपए मिलेंगे. इसके अलावा वायुसेना और नौसेना में सेना पदक और इसके समकक्ष, साथ ही राष्ट्रपति तटरक्षक पदक को 10 लाख रुपए मिलेंगे. मेंशन- इन- डिस्पैच को साढ़े 7 लाख रुपए और तटरक्षक पदक विजेताओं को 6 लाख रुपए मिलेंगे.

सेना पदक सहित विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्ति को 1.75 लाख रुपए का एकमुश्त नकद पुरस्कार मिलेगा. विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति तटरक्षक पदक और तटरक्षक पदक से सम्मानित व्यक्ति को क्रमशः 1.75 लाख रुपए और 1.50 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा. यदि किसी अन्य राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार विजेता (अग्निवीर) को उसी पुरस्कार के लिए समान अनुदान दिया गया हो तो एकमुश्त नकद पुरस्कार स्वीकार्य नहीं होगा.

आधार लिंक्ड बैंक खातों में आएगा पैसा

अधिसूचना में बताया गया है कि पुरस्कार विजेताओं (अग्निवीर) को एकमुश्त नकद पुरस्कार का भुगतान संबंधित उपायुक्त- सह- अध्यक्ष, जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा लाभार्थियों के आधार- लिंक्ड बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से किया जायेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.