नई दिल्ली | अगर आप भी राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम बाबा के भक्त हैं और आने वाले दिनों में वहां दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. श्री श्याम मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि प्रभु के दर्शन कुछ समय के लिए आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेंगे. ऐसे में भक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के बाद ही मंदिर में दर्शन हेतु पहुंचे.

2 जुलाई शाम तक बंद रहेंगे दर्शन
श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि दिनांक 2 जुलाई 2025 को श्री श्याम प्रभु की विशेष सेवा, पूजा और तिलक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कारण 1 जुलाई 2025 को रात 10:00 बजे से लेकर 2 जुलाई 2025 को शाम 5:00 बजे तक खाटू श्याम जी के दर्शन आम भक्तों के लिए बंद रहेंगे. समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान दर्शन के लिए मंदिर न आएं और व्यवस्थाओं में सहयोग करें.
इसलिए कहा जाता है शीश का दानी
श्री श्याम बाबा के देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लाखों भक्त हैं. ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री कृष्ण ने उनसे युद्ध के दौरान उनका शीश दान में मांगा था, जिसे उन्होंने सहर्ष दे दिया था. इसी कारण उन्हें “शीश का दानी” कहा जाता है. भक्त उन्हें “हारे का सहारा” के नाम से भी जानते हैं और संकट के समय में उनकी शरण में आते हैं.