नई दिल्ली | देशभर में पैन कार्ड (Pan Card) को एक अहम दस्तावेज के रूप में मान्यता प्राप्त है. पैन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए सरकार ने अब इसे पूरी तरह डिजिटल करने का फैसला लिया है. आज के समय में जब अधिकतर सरकारी काम ऑनलाइन हो रहे हैं. ऐसे में अब पैन कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज को भी घर बैठे सिर्फ 10 मिनट में बनवाना संभव हो गया है.
घर बैठे मिलेगा डिजिटल पैन कार्ड
आयकर विभाग द्वारा नागरिकों के लिए E- Pan सेवा की सुविधा शुरू की गई है. इसकी सहायता से लोग बिना लंबी प्रक्रिया अपनाए या लाइन में लगे केवल आधार कार्ड के माध्यम से अपना E-Pan कार्ड बनवा सकते हैं. इसके लिए उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं है. यदि आपके पास आधार कार्ड है और उसमें मोबाइल नंबर लिंक है, तो आप आसानी से चुटकियों में E- Pan कार्ड बनवा सकते हैं. यह सेवा न सिर्फ समय की बचत करती है, बल्कि पैसे भी बचाती है. E- Pan कार्ड डिजिटल फॉर्म में होगा, जिसे आप अपनी ईमेल पर प्राप्त कर सकेंगे.
ऐसे बनवाएं E- Pan कार्ड
- सबसे पहले आयकर विभाग की वेबसाइट https://www.incometax.gov.in पर जाएं.
- वेबसाइट पर ‘Quick Links’ सेक्शन में जाकर ‘Instant E-PAN’ विकल्प पर क्लिक करें.
- आधार कार्ड नंबर दर्ज करें और ‘Get OTP’ बटन पर क्लिक करें.
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके वेरीफाई करें.
- OTP वेरीफाई होने के बाद स्क्रीन पर आधार कार्ड की जानकारी दिखाई देगी.
- सभी जानकारियों को ध्यान से चेक करें और ‘Confirm’ बटन पर क्लिक करें.
- कुछ ही समय में आपका E- Pan जनरेट हो जाएगा.
- आपको एक एक्नॉलेजमेंट नंबर मिलेगा.
- इस नंबर की मदद से आप E- Pan कार्ड को PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं.
- यह दस्तावेज पूरी तरह से वैध माना जाता है.
