हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार राज्य में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में बरवाला विद्युत मंडल को एक अत्याधुनिक वाहन प्रदान किया गया है, जिसकी सहायता से चलती बिजली लाइन में सुधार संबंधी कार्यों को किया जा सकेगा. इस वाहन की अनुमानित लागत 5 करोड़ रुपए है.
PWD मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
शुक्रवार को बरवाला में आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री (PWD) एवं स्थानीय बीजेपी विधायक रणबीर गंगवा ने इस अत्याधुनिक बिजली वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस वाहन की बदौलत क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने और जवाबदेह बनाने की दिशा में मदद मिलेगी. इससे लोगों को निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी.
यह वाहन सभी सुरक्षा उपकरणों, हाइड्रोलिक क्रेन, इंसुलेटेड बॉडी तथा लाइफ लाइन सुधार संबंधी तकनीक से लैस है, जो विशेष रूप से लाइव लाइन मेंटेनेंस के लिए तैयार किया गया है. इस तकनीक से बिजली आपूर्ति को बंद किए बिना तारों, ट्रांसफॉर्मरों व अन्य उपकरणों की मरम्मत की जा सकती है.
अधिकारियों को दिए निर्देश
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं और इस दिशा में आधुनिक संसाधनों व टेक्नोलॉजी का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है. उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे इस वाहन का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें और ग्रामीण व शहरी इलाकों में समय पर बिजली सुधार कार्य करते रहे.
