हिसार | हरियाणा के विद्यार्थियों को अब KBC की तर्ज पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा. इस लोकप्रिय कार्यक्रम की तरह स्कूलों में हॉट सीट पर बैठकर विशेषज्ञ विद्यार्थियों से आमने- सामने सवाल पूछेंगे. सही उत्तर देने पर अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किंग की जाएगी. शिक्षा निदेशालय द्वारा इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं. प्रतियोगिता का आयोजन जोनल और राज्य स्तर पर किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी विभिन्न विषयों में पूछे गए सवालों के जवाब देंगे.
60 सेकंड में देना होगा जवाब
प्रतियोगिता में सही उत्तर देने के लिए विद्यार्थियों को 20 से 60 सेकंड का समय मिलेगा. इस आयोजन की जिम्मेदारी चंडीगढ़ स्थित हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर साइंस इन्नोवेशन एंड टेक्नोलॉजी संस्था को सौंपी गई है. प्रतियोगिता 2 भागों में करवाई जाएगी. पहले भाग में दिल्ली स्थित सीबीएसई स्कूल और दूसरे भाग में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों को शामिल किया जाएगा. प्रतियोगिता में केवल कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे. फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित और बायोलॉजी विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
राज्य स्तर पर विजेताओं को मिलेगा नकद इनाम
प्रत्येक स्कूल से एक टीम प्रतियोगिता में भाग लेगी. जिला स्तर पर आठ टॉप टीमों का चयन किया जाएगा जो जोनल स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी. जोनल स्तर पर प्रथम आने वाली टीम को ₹20000, द्वितीय को ₹15000 और तृतीय को ₹15000 इनाम मिलेगा. राज्य स्तर पर विजेता टीम को ₹60000, द्वितीय को ₹50000 और तृतीय को ₹40000 की नकद राशि दी जाएगी.
चार चरणों में बंटे हरियाणा के जिले
- पहले चरण में अंबाला जोन में पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और कैथल जिले शामिल किए गए हैं.
- दूसरे चरण में हिसार जोन में जींद, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा को शामिल किया गया है.
- तीसरे चरण में रोहतक जोन के तहत करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर को रखा गया है.
- चौथे चरण में गुरुग्राम जोन में फरीदाबाद, पलवल, नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल किए गए हैं.
