चंडीगढ़ | आगामी 26 और 27 जुलाई को हरियाणा में CET परीक्षा आयोजित होने जा रही है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की जा चुकी है. इसी के चलते कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के लिए आयोग हर जिले में एक समन्वयक यानी कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति करेगा.
बैठक का हुआ आयोजन
इस बारे में शुक्रवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की बैठक आयोजित हुई. इस मीटिंग की अध्यक्षता आयोग के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह ने की. इस दौरान सभी जिलों के 1338 सेंटरों पर परीक्षा की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया. ऐसा पहली बार हो रहा है, जब सभी जिलों में सीईटी आयोजित किया जा रहा है. आयोग ने फैसला लिया है कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने के लिए सभी जिलों में एक- एक समन्वयक आयोग की तरफ से नियुक्त किया जाएगा. जो परीक्षा की हर तैयारी को लेकर जिला प्रशासन के साथ संपर्क साधेगा.
एक हफ्ते पहले CCTV लगने होंगे शुरू
आयोग की तरफ से एक कंट्रोल रूम गठित किया जाएगा. अगर किसी अभ्यर्थी को परेशानी है, तो वह कंट्रोल रूम में फोन कर संपर्क कर पायेगा. इसके लिए भी टीम बनाई जाएगी. बैठक में यह भी मंथन हुआ कि आयोग को क्या करना है, क्या नहीं करना है. सुरक्षा व्यवस्था पर भी बात की गयी है. इस बारे में मुख्य सचिव शीघ्र ही सभी डीसी व एसपी के साथ बैठक लेंगे. परीक्षा स्थलों पर एक हफ्ते पहले CCTV लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा. ऐसे में आयोग परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर रहा है.
