नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें से एक योजना डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा है. अब इस योजना के दायरे में बदलाव किया गया है. अब जो महिलाएं दिल्ली से बाहर की हैं और राजधानी की बसों में सफर करती हैं, उनके लिए दिक्कत आ सकती है. क्योंकि अब से केवल राजधानी की महिलाएं ही बसों में मुफ्त सफर का लाभ उठा पाएंगी. इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी आमने- सामने आ चुकी हैं.
दिल्ली की महिलाओं को मिलेगा ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा करने के लिए अब पिंक टिकट की जगह ‘पिंक पास’ लेने होंगे. यह पास केवल दिल्ली की महिलाओं को ही दिए जाएंगे. सरकार ने इस कार्ड को ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ नाम दिया है. इस पर महिला का नाम और तस्वीर लगी होगी. यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के तहत जारी किए जाएंगे. बता दें कि ऐसा ही सिस्टम नोएडा मेट्रो और दिल्ली मेट्रो में पहले से ही चल रहा है.
कार्ड के लिए जरूरी होंगे यह दस्तावेज
अगर आप यह कार्ड बनवाना चाहते हैं तो आपको कुछ जरूरी दस्तावेज़ों की जरूरत पड़ेगी. जानकारी के अनुसार, इस कार्ड के लिए आवेदन करने हेतु आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिल्ली का निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट और बैंक द्वारा मांगे गए KYC दस्तावेज़ अनिवार्य होंगे. आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार को इस मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की छोटी मानसिकता है कि वह केजरीवाल सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर रही है. नई सरकार के गठन को 6 महीने होने वाले हैं. अभी तक उनके पास गिनवाने के लिए कोई ठोस काम नहीं है.
