नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) भारत सरकार के अधीन है और सभी ट्रेनें और स्टेशन सरकार के ही कंट्रोल में होते हैं. कुछ स्टेशन अब PPP मॉडल के तहत प्राइवेट कंपनियां चला रही हैं. ऐसा ही एक स्टेशन है, जिसे देश का पहला प्राइवेट तरीके से चलाया जाने वाला रेलवे स्टेशन माना जाता है. इसका नाम है हबीबगंज रेलवे स्टेशन. यहां की सुविधाएं देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई एयरपोर्ट हो.
PM मोदी ने किया था उद्घाटन
हबीबगंज स्टेशन को बंसल ग्रुप ने भारतीय रेलवे स्टेशन विकास निगम के साथ मिलकर दोबारा बनाया. 15 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया. इसके बाद इसका नाम बदलकर रानी कमलापति स्टेशन रखा गया. स्टेशन कोड भी HBJ से बदलकर RKMP कर दिया गया. इसे प्राइवेट कंपनी चलाती है, लेकिन स्टेशन का मालिकाना हक रेलवे के पास ही है.
स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
इस स्टेशन पर कई नई और आरामदायक सुविधाएं दी गई हैं. जैसे बड़ा हॉल, AC प्रतीक्षालय, खाने- पीने की दुकानें और शॉपिंग के लिए स्टॉल. यहां सोलर पैनल से बिजली बनाई जाती है और सुरक्षा के लिए कैमरे भी लगे हैं. यह स्टेशन अब आने वाले समय में रेलवे स्टेशनों के बदलाव का एक उदाहरण बन चुका है. इसके बाद, अब इसी तर्ज़ पर नई दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे स्टेशनों को भी बदलने की योजना है.
