नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां पश्चिमी दिल्ली के डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित जनकपुरी फ्लाईओवर पर आज से मरम्मत कार्य शुरू हो गया है, जो एक महीने तक चलेगा. इसके चलते शिवाजी मार्ग पर उत्तम नगर से तिलक नगर की दिशा में फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. इस दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम में न जूझना पड़े, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा वैकल्पिक रूट्स की व्यवस्था की गई है.
इन वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
- उत्तम नगर से तिलक नगर की ओर फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही पर पूर्णतः रोक रहेगी.
- वाहनों को शिवाजी मार्ग पर समानांतर बने स्लिप रोड के जरिए डायवर्ट किया जायेगा.
- वाहन चालकों के लिए साइन बोर्ड लगाने के साथ- साथ ट्रैफिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है.
वाहन चालकों से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से जनकपुरी फ्लाईओवर का इस्तेमाल करने से बचने और वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करने की अपील की है. एमरजेंसी सेवाओं वाले वाहनों को फ्लाईओवर के इस्तेमाल की परमिशन रहेगी, लेकिन इस दौरान उन्हें ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि यात्रा में देरी से बचने के लिए पहले से योजना बनाकर घर से बाहर निकले.
