रोहतक | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए लंबे रूटों पर सीधी बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है. इसके अलावा, चिलचिलाती गर्मी में यात्रियों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए एसी बसों का संचालन किया जा रहा है.

इन रूटों पर एसी बस चलाने की योजना
परिवहन विभाग की ओर से रोहतक डिपो के बेड़े में 10 नई एसी बसें शामिल की गई है. यात्रियों के सफर को और ज्यादा आरामदायक बनाने के लिए इन बसों को हरिद्वार, नैनीताल और वृंदावन रूट पर संचालित करने की तैयारियां तेज हो चुकी है. इन रूटों पर एसी बसों के संचालन की मंजूरी को लेकर परिवहन विभाग की ओर से मुख्यालय पत्र भेजा गया है.
रोडवेज विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही मुख्यालय से परमिट जारी होता है, वैसे ही समय- सारिणी तय कर एसी बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. उन्होंने बताया कि वर्तमान में इन रूटों पर सामान्य बसें संचालित की जा रही है, लेकिन अब यात्रियों को और ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसी बसों के संचालन की योजना बनाई गई है. बहुत जल्द यात्री हरिद्वार, नैनीताल और वृंदावन रूट पर एसी बसों में सफर का लुत्फ उठा सकेंगे.
परिवहन विभाग की ओर से रोहतक डिपो के बेड़े में 10 नई एसी बसें मिली हैं. इन बसों को धार्मिक मार्गों पर चलाने के लिए रोडवेज अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं. क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण से बसों की पासिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है. इन बसों में सामान्य बसों की तुलना में डेढ़ गुना ज्यादा किराया रहेगा- सुरेन्द्र सिवाच, कर्मशाला प्रबंधक, रोहतक डिपो