फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग की ओर से महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि भाई- बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पर इस साल भी महिलाओं और उनके साथ 15 साल तक के बच्चों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा. इस संबंध में विभाग ने अधिकारियों को तैयारियों करने के निर्देश जारी कर दिए हैं. इसके तहत, बसों के रूटों पर मंथन चल रहा है.
मुफ्त सफर का यह रहेगा समय
परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व है. ऐसे में 8 अगस्त की दोपहर 12 बजे से लेकर 9 अगस्त की देर रात तक महिलाओं और उनके साथ 15 साल के बच्चों को मुफ्त सफर की सुविधा का लाभ मिलेगा. इस सुविधा का लाभ केवल रोडवेज की सामान्य और स्टैंडर्ड बसों में ही मिलेगा.
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार पर महिलाओं को सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बसों का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है. चालकों और परिचालकों की छुट्टी पर रोक लगाई गई है और इस संबंध में विभाग द्वारा बस अड्डों पर आदेश की प्रति चस्पा दी गई है. त्योहार पर किसी भी बहन-बेटी अथवा महिला को सफर के लिए बस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. विभाग के पास बसों की कोई कमी नहीं है.
इन रूटों पर चलेंगी सबसे ज्यादा बसें
ट्रैफिक मैनेजर नवनीत बजाज ने बताया कि रक्षाबंधन पर फरीदाबाद रोडवेज डिपो से गुरुग्राम, सोहना, आगरा, अलीगढ़ और दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा संख्या में बसें संचालित की जाएगी. गुरुग्राम और सोहना रूट पर प्रत्येक 15 मिनट के बाद बस का संचालन रहेगा.
