हिसार | लंबे समय से इंतजार कर रहे हिसार रिंग रोड प्रोजेक्ट के साथ तलवंडी राणा गांव अब विकास की नई उड़ान भरने को तैयार है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 40 किलोमीटर लंबे रिंग रोड का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया है. यह रिंग रोड गांव देवा से शुरू होकर कैमरी, भगाना, लाडवा, मैय्यड़, खरड़, नियाणा, मिर्जापुर, धांसू होते हुए तलवंडी राणा के पास NH- 52 से जुड़ेगा.
अब आएगा बदलाव
इससे पहले हिसार से राजगढ़, हिसार से दिल्ली और हिसार से सिरसा रोड तक करीब 20 किलोमीटर क्षेत्र में तेजी से विकास हो चुका है. तलवंडी राणा के पहले सरकारी जमीन होने के कारण यह हिस्सा अब तक विकास से अछूता रहा. रिंग रोड बनने और अन्य परियोजनाओं के जुड़ने के बाद यह स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी.
2 नेशनल हाइवे और कई बड़े प्रोजेक्ट का संगम
तलवंडी राणा को NH- 52 और NH- 9 दोनों नेशनल हाईवे का सीधा कनेक्शन मिलेगा. इसके अलावा, रिंग रोड के साथ-साथ मिर्जापुर चौक से धांसू होते हुए तलवंडी राणा धरना स्थल तक प्रस्तावित रोड, गोशाला माइनर से फोरेस्ट के 1080 एकड़ जमीन में प्रस्तावित जंगल सफारी प्रोजेक्ट से होते हुए तलवंडी राणा से राणा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर के साथ- साथ करीब 9 किलोमीटर तक प्रस्तावित सड़क बनने व भविष्य में प्रस्तावित हिसार बस स्टैंड एवं औद्योगिक इकाइयों का लोकेशन भी यहीं के नजदीक होगा. इन सबके कारण तलवंडी राणा में आवागमन और व्यवसायिक गतिविधियों में जबरदस्त तेजी आएगी.
जमीन अधिग्रहण पर खर्च होंगे 1000 करोड़ रुपये
अधिकारियों की तरफ से तैयार किए गए 3 हजार करोड़ रुपये के एस्टीमेट में से एक हजार करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण पर खर्च होंगे. इसमें से 500 करोड़ रुपये का वहन प्रदेश सरकार करेगी. सड़क निर्माण के लिए करीब 270 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. वहीं, सड़क निर्माण पर 2 हजार करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है. यह रिंग रोड करीब 40 किलोमीटर लंबा होगा, जो गांव देवा से शुरू होकर तलवंडी राणा के पास खत्म होगा.
इन गांवों से गुजरेगा रिंग रोड
यह रोड गांव देवां से शुरू होकर कैमरी, भगाना, लाडवा से मैय्यड़ के पास NH- 9 से जुड़ेगा. यहां से यह खरड़, नियाणा, मिर्जापुर, धांसू होते हुए तलवंडी राणा के पास NH- 52 से जुड़ेगा.
वर्तमान में तलवंडी राणा और आसपास की जमीन की कीमतें अपेक्षाकृत सस्ती हैं, लेकिन आगामी 2- 3 सालों में रिंग रोड, महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्रों के कारण इनकी कीमतें कई गुना बढ़ने की संभावना है. गुरुग्राम और एनसीआर की कई नामी कंपनियां यहां हाउसिंग प्रोजेक्ट और कमर्शियल हब में निवेश की तैयारी कर रही हैं.
शिक्षा और रोजगार का केंद्र
बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण तलवंडी राणा से जुगलान या बहबलपुर गांव तक बड़े स्कूल, कॉलेज और ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट आने की संभावना है. साथ ही, निर्माण कार्य और नए प्रोजेक्ट से हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.
रिंग रोड के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है. बजट मिलते ही जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया जायेगा- विपिन मंगला, प्रोजेक्ट निदेशक, NHAI
