चंडीगढ़ | हरियाणा के नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) में सब कुछ सही नहीं चल रहा है. परिवार पहचान पत्रों की जांच और उनमें आवश्यक सुधार के साथ- साथ पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए क्रिड की तरफ से 7500 क्रिड पंचायत लोकल आपरेटर (CPLO) का विज्ञापन निकालकर करीब 4 हजार सीपीएलओ की भर्ती की गई, मगर उन्हें अभी तक स्टेशन नहीं मिले है.
26 अगस्त को करेंगे प्रदर्शन
इन क्रिड पंचायत लोकल आपरेटर (सीपीएलओ) का नाम बदलकर लोकल कमेटी लोकल आपरेटर (एलसीएलओ) किया गया है. राज्य के सभी नव चयनित सीपीएलओ-एलसीएलओ की तरफ से ज्वाइनिंग की मांग को लेकर विधानसभा के मानसून सेशन के दौरान 26 अगस्त को पंचकूला और चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया जाएगा. हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण ने विज्ञापन संख्या 01/ 19- 21 एचपीपीए 07 के अनुसार दिसंबर 2023 में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) के लिए करीबन 7500 क्रिड पंचायत लोकल आपरेटर (सीपीएलओ) के पदों पर भर्ती की थी.
विज्ञापन के मुताबिक, सीपीएलओ को क्रिड और हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण की तरफ से दिए गए कामों को करना होगा व पंचायतों में ग्राम सचिवों की ओर से दिए गए कार्यों को मासिक पारिश्रमिक के आधार पर करना होगा. सीपीएलओ को राज्य की सभी पंचायतों में नियुक्ति देने की व्यवस्था की गई थी.
आवेदन मात्र से करीबन 100 करोड़ रुपये एकत्रित
इन पदों के लिए राज्य के लगभग 10 लाख युवाओं ने अप्लाई किया था, जिसके लिए सभी अभ्यर्थियों ने 1000 रूपये फार्म शुल्क दिया था. एलसीएलओ सीपीएलओ कर्मचारी यूनियन हरियाणा (सीटू) की राज्य प्रधान नीतू और राज्य महासचिव पवन डागर के मुताबिक विज्ञापनों के आवेदन मात्र से लगभग 100 करोड़ रुपये एकत्रित किए गए थे.
29 जून को भी किया था प्रदर्शन
इस विज्ञापन के बाद लगभग चार हजार क्रिड पंचायत लोकल आपरेटर (सीपीएलओ) नियुक्त किए गए, जिनका नाम बदलकर एलसीएलओ कर दिया गया था. 29 जून को इन कर्मियों ने मुख्यमंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया व ज्वाइनिंग का आग्रह किया था. पर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. ऐसे में अब विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सभी विधायकों को ज्ञापन देकर ज्वाइनिंग की मांग उठाई जाएगी, ताकि उन्हें न्याय मिल पाये.
