सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद लगाए बैठे आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां प्रदेश सरकार ने जिला नागरिक अस्पताल में मरम्मत कार्यों के लिए 6 करोड़ 9 लाख 94 हजार रुपए की धनराशि जारी की गई है. इससे अस्पताल भवन की दरारें, पानी का रिसाव और जर्जर ढांचे की मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे.
अस्पताल की बिल्डिंग हुई पुरानी
जिला अस्पताल सोनीपत की बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी है. ऐसे में बरसात के मौसम में एमरजेंसी वार्ड से लेकर ओपीडी व शिशु वार्ड की छतों से पानी टपकता है. जिसके चलते स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी झेलनी पड़ती है.
वहीं, ओपीडी की दीवारें और फर्श भी खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है. अस्पताल प्रबंधन द्वारा बार- बार बिल्डिंग की मरम्मत की मांग उठाई जा रही थी. अब मुख्यालय की ओर से अस्पताल की मरम्मत कार्य के लिए बजट राशि जारी की गई है. अब ठेकेदार को रिपोर्ट देने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिए जाएंगे.
यह होंगे खर्च
| विवरण | खर्च (रुपये में) |
|---|---|
| विशेष मरम्मत के लिए | 4 करोड़ |
| शौचालय मरम्मत पर | 66.50 लाख |
| परिसर की सड़कों के लिए | 1.18 करोड़ |
| छतों की मरम्मत पर | 25.34 लाख |
अस्पताल की क्षमता में वृद्धि
शुरुआत में यह 100 बिस्तर का अस्पताल था लेकिन अब इसकी क्षमता बढ़ाकर 200 बिस्तर की कर दी गई है. इसके अलावा, परिसर में 100 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु विंग भी तैयार किया जा रहा है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बिल्डिंग पुरानी होने के चलते लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही थी लेकिन अब विशेष मरम्मत का बजट मिलने के बाद अस्पताल की तस्वीर बदलने जा रही है.
