रोहतक | त्यौहारी सीजन पर खाटूश्याम धाम (Khatushyam Dham) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इन श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने रोहतक- मदार ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है. पहले इस ट्रेन का संचालन 30 सितंबर तक निर्धारित किया गया था, लेकिन अब दुर्गा पूजा व दिवाली पर्व को ध्यान में रखते हुए इसे 30 नवंबर तक संचालित करने की घोषणा की गई है.
रोहतक- मदार ट्रेन का शेड्यूल
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मदार- रोहतक स्पेशल ट्रेन (09639) मदार से रोजाना सुबह साढ़े 4 बजे रवाना होकर दोपहर 12.50 बजे रोहतक पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन (09640) रोहतक से रोजाना दोपहर 01.20 बजे रवाना होकर रात 10.35 बजे मदार पहुंचेगी. रोहतक से रींगस स्टेशन तक प्रति व्यक्ति किराया 90 रुपए तय किया गया है.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीमका थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, झज्जर व अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
नए स्टेशन पर करेगी ठहराव
रेलवे अधिकारी ने बताया कि 30 नवंबर तक संचालित होने वाली मदार- रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन अब रेवाड़ी के पाल्हावास स्टेशन पर भी ठहराव करेगी. मदार से रोहतक संचालन के समय ट्रेन सुबह 11:05 बजे और रोहतक से मदार संचालन के समय दोपहर 02.22 बजे पाल्हावास स्टेशन पर ठहराव करेगी. उन्होंने बताया कि त्यौहारी सीजन पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए इस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है, ताकि यात्रियों का सफर आसान हो सकें.
