चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय (HBSE) की तरफ से कक्षा 9 से 12 के बच्चों के अक्टूबर सत्र के हाफ इयरली एग्जाम के लिए इंस्ट्रक्शंस जारी किए गए हैं. परीक्षा का समय 9 से 12 रहेगा. जारी निर्देशों के मुताबिक, अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान, पहले जारी की गई डेटशीट के अनुसार जिस कक्षा के विद्यार्थियों का पेपर नहीं है उन विद्यार्थियों के लिए उस दिन अवकाश नहीं होगा.
नियमित रूप से लगेंगी कक्षाएं
प्रतिदिन परीक्षा खत्म होने के बाद विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी जाए तथा परीक्षा के बाद मूल्यांकन का काम शुरु कर दिया जाए. विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच आयोजित की जानी है. दोहरी पारी (डबल शिफ्ट) वाले विद्यालयों में सम्बन्धित विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा प्रार्थना सभा के बाद आयोजित की जानी होगी. अर्धवार्षिक परीक्षाओं के खत्म होने के तुरन्त बाद कक्षायें नियमित रूप से लगाई जाएंगी.
24 अक्टूबर से 6 नवंबर तक होगी परीक्षाएं
शिक्षा विभाग की तरफ से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी गयी है. ये परीक्षाएं 24 अक्टूबर से 6 नवंबर तक होगी. कक्षा 9वीं के छात्रों की परीक्षा 24 अक्टूबर को शुरु होगी व पहली परीक्षा सामाजिक विज्ञान की होगी तथा 31 अक्टूबर को संगीत व पीएचई विषयों के साथ खत्म होगी.
10वीं कक्षा की परीक्षाएं भी 24 अक्टूबर से शुरू होगी व पहली परीक्षा विज्ञान विषय की होगी और 30 अक्टूबर को गणित के पेपर के साथ खत्म होंगी. 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 24 अक्टूबर से शुरू होगी व 6 नवंबर को खत्म होगी. शिक्षा विभाग की तरफ से निर्देशित किया गया है कि राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की अलग व्यवस्था की जाएगी.
