पलवल | हरियाणा के NCR क्षेत्र में शामिल शहरों में एक और नए रूट पर मेट्रो संचालन की तैयारियां शुरू हो चुकी है. बता दें कि औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से पलवल के बीच जल्द ही लोगों को मेट्रो में सफर करने का अवसर मिलेगा. बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट को आखिरकार केंद्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित लागत 4320 करोड़ रुपए आंकी गई है.
हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट कॉरपोरेशन (HMRTC) की देखरेख में इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा और इसे 3 साल में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है. 24 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 10 जगहों पर स्टेशन प्रस्तावित है.
बड़े स्तर पर पहुंचेंगी राहत
पलवल और फरीदाबाद से रोजाना हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स स्कूल-कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचने के लिए बसों या अन्य वाहनों का सहारा लेते हैं लेकिन ट्रैफिक जाम और सार्वजनिक परिवहन का अभाव होने के चलते समय पर पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है. ऐसे में मेट्रो का संचालन शुरू होने पर एमवीएन, लिंगयाज, एशियन और डीएवी कॉलेज तक पहुंचना आसान हो जाएगा. घंटों का सफर मिनटों में सिमट कर रह जाएगा. बता दें कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट की घोषणा साल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी.
व्यवसायिक गतिविधियां होगी तेज
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से फरीदाबाद और पलवल के बीच व्यवसायिक और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी. पलवल में नई औद्योगिक इकाइयां आने की उम्मीद जगेगी क्योंकि मेट्रो के रुप में आसान कनेक्टिविटी निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी. पलवल क्षेत्र में रोजगार के लिहाज से यह मेट्रो लाइन बड़ा बदलाव लाने का काम करेगी.
