चंडीगढ़ | हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शीघ्र ही राज्य में 550 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी. इन डॉक्टरों को सिविल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ड्यूटी दी जाएगी. मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसकी फाइल तैयार की जा रही है. यह भर्ती अगले साल मार्च तक पूरी होने की संभावना नजर आ रही है. इन डॉक्टरों के आने से मरीजों को काफी राहत मिलने वाली है.
2024 में निकली थी 777 डॉक्टरों की भर्ती
हरियाणा सरकार की तरफ से 2024 में 777 डॉक्टरों की भर्तियां निकालीं गयी थीं. इनमें से 747 डॉक्टरों की नियुक्ति हो चुकी थी. बची हुई सीटों पर उम्मीदवार नहीं आए थे. इन डॉक्टरों को सिविल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात भी कर दिया गया है. कुछ सीटों पर ज्वाइनिंग के बाद भी डॉक्टर स्टेशन पर नहीं पहुंचे थे.
68 डॉक्टरों की सेवाएं भी की समाप्त
बीते दिनों सरकार ने ड्यूटी पर कई सालों से गैरहाजिर चल रहे 68 डॉक्टरों की सेवाएं भी खत्म कर दी थीं. इन सभी रिक्त पदों को भरने के लिए अब सरकार दोबारा 550 डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है. यह पद मेडिकल ऑफिसर के होने वाले हैं. हरियाणा में मेडिकल ऑफिसर के 3969 पद हैं, जिनमें से करीब 550 पद खाली पड़े हैं. सीनियर मेडिकल ऑफिसर के 644 पद हैं जिनमें से 219 पदों पर कोई तैनात नहीं है.
खाली पदों पर नियुक्ति के निर्देश
प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का कहना है कि प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कोई कमी नहीं होगी. जिन जगहों पर डॉक्टरों के रिक्त पद हैं वहां जल्द ही डॉक्टरों की नियुक्ति करने के निर्देश जारी किए गए हैं. सरकार इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि मरीजों को सरकारी अस्पतालों में ही सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए और सभी मरीजों का समय पर इलाज हो.
