हिसार | हरियाणा के हिसार शहर से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बीकानेर चौक पर ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए व्हीकुलर (सड़क के नीचे से) अंडरपास बनाने की योजना बनाई गई है. इसके लिए बीएंडआर ने 18.28 करोड़ रुपये का रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है. इस जगह पर अंडरपास निर्माण से लोगों को बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी.
अंडरपास निर्माण के लिए पर्याप्त जगह
पिछले दिनों शहर को ट्रैफिक जाम मुक्त करने की दिशा में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने बीकानेर चौक पर अंडरपास निर्माण का फैसला लिया था. इस कमेटी का कहना है कि चौक पर पर्याप्त जगह होने के चलते अंडरपास बनाने में कोई समस्या नहीं होगी.
बीकानेर चौक पर बनने वाले अंडरपास की लंबाई 559 मीटर होगी. इसके निर्माण के बाद रेड स्क्वेयर और ग्रीन स्क्वेयर मार्केट की तरफ जाने वाले वाहन बिना रूके आसानी से अंडरपास से गुजर सकेंगे. इस चौक पर ट्रैफिक लाइट लगी हुई है, लेकिन ये अक्सर काम ही नहीं करती है और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात को नियंत्रित किया जाता है. इसके चलते यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न रहती है.
हिसार में यहां बनेगी स्लिप रोड
डाबड़ा चौक और ऑटो मार्केट के पास स्लिप रोड निर्माण का डिटेल एस्टीमेट भी मुख्यालय भेजा गया है. राजगढ़ रोड पर लघु सचिवालय के पास स्लिप रोड निर्माण के लिए एनओसी जारी हो चुकी है. वहीं, लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक सड़क मार्ग को सिक्सलेन करने के लिए अभी तक सिंचाई विभाग और पर्यटन विभाग से एनओसी मिलने का इंतजार चल रहा है.
