रोहतक | आधुनिकता के इस युग में डिजिटाइजेशन (चैट बॉट) को बढ़ावा देने की दिशा में एक और नई पहल की शुरुआत की गई है. इसी कड़ी में आज सुबह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नमस्ते चैट बॉट व प्रशासन की पहल पोर्टल का शुभारंभ किया, जिसपर आम आदमी घर बैठे शिकायत दर्ज कराने के साथ ही फीडबैक भी दे सकेंगे.
आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि नागरिक चैट बॉट पर नमस्ते बोलकर अपना नाम पता व समस्या दर्ज कर सकते हैं. समस्या के समाधान की जानकारी भी चैट बॉट पर ही मिल जाएगी. वहीं, ‘प्रशासन की पहल’ के नाम से एक नया पोर्टल भी शुरू किया गया है. इसमें जाकर QR कोड स्कैन कर किसी भी विभाग कार्यालय के बारे में लोग अपना फीडबैक दे सकेंगे. इससे किसी भी कार्यालय व विभाग में लोगों के साथ दुर्व्यवहार की संभावना खत्म हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन के जमाने में लोग ऑनलाइन सुविधाओं को पसंद कर रहे हैं. लोगों को आज घर बैठे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. प्रदेश में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे लोगों को सुविधा मिल रही है.
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा इसी तरह की राजनीति करती है. उन्होंने कभी जनहित के कामों पर ध्यान नहीं दिया. हम वोटर लिस्ट में शुद्धिकरण करना चाहते हैं, तो वे वोट चोरी पर बोलते हैं. अपनी हार को छिपाने के लिए कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगा रही है. बिहार में बीजेपी की सरकार बनने पर उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है, इसलिए देशभर में लोग बीजेपी पार्टी को पसंद कर रहे हैं.
