महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नारनौल रोडवेज डिपो से देवास, चितलांग, मेघनवास, बुचौली होते हुए महेंद्रगढ़ के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है. इन गांवों में लंबे समय बाद बस सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए ड्राइवर और कंडक्टर का फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया.
इस रूट पर रोडवेज बस सेवा शुरू होने से 4 गांवों के हजारों लोगों को फायदा पहुंचेगा. बस के संचालन को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठन लंबे समय से प्रयासरत थे. दिलचस्प बात यह है कि इन चारों गांवों में 1966 के बाद पहली बार इस रूट पर बस चलती हुई देखी हैं.
यह रहेगा शेड्यूल
यह बस महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से रोजाना सुबह 08.50 बजे रवाना होकर विभिन्न गांवों से होते हुए वापस 10.45 बजे महेन्द्रगढ़ बस स्टैंड पर पहुंचेंगी. इसके बाद, यह बस नारनौल के लिए रवाना हो जाएगी. फिर यह बस 12.50 बजे देवास, चितलांग, मेघनवास और बुचौली गांवों का सफर करेगी.
स्थानीय विधायक की मेहनत रंग लाई
पूर्व विधायक रामबिलास शर्मा शिक्षा और परिवहन मंत्री होने के बावजूद अपनी ससुराल गांव देवास के लिए रोडवेज बस शुरू नहीं कर पाए थे. इसी तरह पूर्व विधायक व संसदीय सचिव राव दानसिंह भी बस सेवा उपलब्ध नहीं करा पाए, लेकिन अब बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव की मेहनत रंग लाई और उन्होंने इन 4 गांवों के लिए बस सेवा शुरू कर हजारों लोगों के सफर को आसान बना दिया है.
