खुशखबरी: सोनीपत शहर को मिलेगी नए ऑडिटोरियम की सौगात, 25 करोड़ से इस जगह पर होगा निर्माण

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है. इसके निर्माण के लिए बहालगढ़ रोड पर जाट जोशी गांव में जैश इंडस्ट्रीज के पास पौने दो एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है. दिव्य नगर योजना के तहत 24.82 करोड़ रुपए की धनराशि से इस ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा.

Auditorium

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

रविवार को सोनीपत शहर के मेयर राजीव जैन और डीसी हर्षित कुमार ने नगर निगम अधिकारियों के साथ सेक्टर-4 स्थित स्टेडियम के साथ लगती जमीन और चिह्नित जमीन का दौरा किया. उन्होंने बहालगढ़ रोड पर स्थित जमीन को फाइनल करते हुए जल्द ही सारी औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए. मेयर राजीव जैन ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ऑडिटोरियम में 600 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. स्थानीय निकाय विभाग ने ऑडिटोरियम बनाने की प्रासंगिकता को मंजूरी प्रदान कर दी है.

उन्होंने बताया कि पूरा ऑडिटोरियम सेंट्रल एसी युक्त होगा और सामान्य दर्शक दीर्घा सहित वीआईपी दीर्घा का भी निर्माण किया जाएगा. इसमें विभिन्न सरकारी व सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन करने में नगर निगम और आमजन को सुविधा मिलेगी. इससे शहर के लोगों को अपने कार्यक्रमों के आयोजन के लिए इधर-उधर भटकने से छुटकारा मिलेगा.

नगर निगम का बढ़ेगा राजस्व

मेयर राजीव जैन ने बताया कि वर्तमान में शहर में बड़े आयोजनों के साथ सेमिनार और वर्कशॉप के लिए उचित स्थान नहीं है. इससे लोगों को परेशानी होती है और बड़े आयोजन कराने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है. ऐसे में नगर निगम की ओर से ऑडिटोरियम बनाए जाने के बाद बड़े स्तर के कार्यक्रम बेहतर तरीके से आयोजित हो सकेंगे. आयोजकों को भी काफी राहत मिलेगी. वहीं, नगर निगम का राजस्व बढ़ने से नगर में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी.

स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर

डीसी ने बताया कि ऑडिटोरियम और पुस्तकालय बनने से शहर के लोगों और छात्रों को सुविधा मिलेगी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को पढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.