महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नारनौल में सालों से अटके 200 बेड के सिविल अस्पताल के निर्माण कार्य की सभी अड़चनें दूर कर ली गई है. प्रदेश सरकार ने इसके लिए तय बजट में 3.25 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी करते हुए नया टेंडर जारी कर दिया है. इसके बाद इस अस्पताल का निर्माण कार्य फिर से शुरू होने की उम्मीद जग उठी हैं.
नारनौल में 100 बेड का सिविल अस्पताल काफी पुराना है और सरकार ने इसको 200 बेड का करने की घोषणा के साथ ही नया भवन बनाने की बात भी कही थी. इस अस्पताल के भवन निर्माण के लिए साल 2019 में पहली बार 24.48 करोड़ रुपए का टेंडर जारी हुआ था. साल 2020 में एजेंसी ने अस्पताल की बिल्डिंग बनाने का काम शुरू कर दिया था, लेकिन एजेंसी का एक मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के चलते 25% काम पूरा होने पर आगे कार्य बंद कर दिया गया था.
एक साल में बनेगी नारनौल की नई बिल्डिंग
अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण कार्य रूकने के दौरान 2 साल तक यहां बेसमेंट में पानी भरा रहा, जिससे बिल्डिंग की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि लंबे समय तक जलभराव रहने से पिलरों और अन्य संरचनात्मक हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है, जिसका असर आगे बनने वाली बिल्डिंग पर पड़ेगा. हालांकि, विभाग ने इन आशंकाओं को खारिज कर दिया है.
विस्तार से हुई चर्चा
पिछले महीने सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक में इस प्रोजेक्ट की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई थी. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि पुराना टेंडर रद्द कर दिया गया है और नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इसके तहत, अपग्रेडेशन कार्य के लिए संशोधित बजट 27 करोड़ 73 लाख 40 हजार रुपए तय किया गया है. अब नया टेंडर होने पर एक साल के भीतर इस अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
