खुशखबरी: हिसार शहर को मल्टी स्टोरी पार्किंग का तोहफा, 167 करोड़ से इस जगह पर होगा निर्माण

हिसार | हरियाणा के हिसार शहर से एक बड़ी अच्छी खबर सामने आई है. यहां सिटी थाना के सामने प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना 11 साल बाद सिरे चढ़ गई है. साल 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उस समय हिसार विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक डॉ. कमल गुप्ता के अनुरोध पर इस जगह पर पार्किंग स्थल बनाने की घोषणा की थी.

Parking Car Gadi

हिसार शहर के नगर निगम आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हिसार शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थल बनाने की योजना को हरी झंडी दिखा दी गई है. उन्होंने बताया कि यह जमीन जीएलएफ की हैं, जो लगभग 2 एकड़, 1 कनाल और 12 मरले है. जोकि नगर निगम को लगभग 15 करोड़ रुपए में हस्तांतरित हुई है.

सालों पुरानी समस्या से मिलेगा छुटकारा

मल्टी स्टोरी पार्किंग योजना को मंजूरी मिलने पर खुशी जताते हुए मेयर प्रवीण पोपली ने सीएम नायब सैनी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि अब इस प्रोजेक्ट को निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा, ताकि जल्द- से- जल्द लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके. उन्होंने इस योजना को हिसार शहर के लिए बड़ी उपलब्धि और मील का पत्थर बताया.

मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि हिसार शहर का पुराना बाजार क्षेत्र सालों से ट्रैफिक जाम की स्थिति से जूझ रहा है क्योंकि यहां खरीदारी या फिर सामान लेकर आने वाले वाहनों को पार्किंग के लिए संघर्ष करना पड़ता था. अब मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थल बनने के बाद लोगों को बड़े स्तर पर इस समस्या से छुटकारा मिलेगा. उन्होंने कहा कि लंबे समय से शहर के लोग और व्यापारी जिस सुविधा का इंतजार कर रहे थे, वह अब साकार होने जा रही है.

यह भी पढ़े -  Asha School Hisar Jobs: हिसार में इन पदों पर निकली भर्ती, फटाफट करें आवेदन

जानें क्या होगी खासियत?

  • 2 एकड़,1 कनाल और 12 मरले जमीन पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थल बनेगा और पीपीपी मोड पर इसे एजेंसी द्वारा तैयार किया जाएगा.
  • नगर निगम इस जमीन को 99 साल के पट्टे पर एजेंसी को देगी.
  • पार्किंग स्थल पर 3 बेसमेंट, भू- तल और 3 बहुमंजिला इमारत बनेगी. ग्राउंड फ्लोर पर 1025 वर्ग मीटर का कम्यूनिटी हॉल बनाया जाएगा.
  • कम्यूनिटी हॉल के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम के पास जबकि बाकी हिस्से की जिम्मेदारी एजेंसी के पास रहेगी.
  • इस पार्किंग स्थल का डिजाइन राष्ट्रीय औद्योगिक संस्थान कुरूक्षेत्र द्वारा तैयार किया गया है और इस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य पर एजेंसी द्वारा 167 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
  • इस पार्किंग स्थल पर एक साथ 850 वाहनों के खड़े होने की सुविधा मिलेगी. पूरे पार्किंग स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.