चंडीगढ़ | हरियाणा व पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के प्राइवेट एवं कान्वेंट स्कूलों में बच्चों के एडमिशन के लिए अभिभावक 9 दिसंबर से एंट्री क्लास में दाखिले के लिए अप्लाई कर पाएंगे. चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के मुताबिक सभी स्कूलों को 8 दिसंबर तक अपनी वेबसाइट पर दाखिले का कार्यक्रम जारी करना होगा. कॉमन एडमिशन शेड्यूल 2026- 27 के तहत 9 से 22 दिसंबर तक आवेदन भेज सकते है.
1 अप्रैल 2022 के बाद होना चाहिए जन्म
प्री नर्सरी, नर्सरी और केजी क्लास में एडमिशन के लिए शिक्षा विभाग ने आयु सीमा निर्धारित की है. प्री प्राइमरी लेवल वन में एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच बच्चे का जन्म होना चाहिए और उम्र 3 से 4 वर्ष की होनी चाहिए. प्री- प्राइमरी लेवल 2 में 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 के बीच होना चाहिए और उम्र 4 साल से ज्यादा और 5 वर्ष से कम होनी चाहिए. प्री- प्राइमरी लेवल 3 में बच्चा 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 के बीच जन्मा होना चाहिए और आयु 5 साल से ज्यादा और 6 वर्ष से कम होनी चाहिए.
विभाग ने फीस का ब्योरा भी मांगा
चंडीगढ़ शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल प्रबंधकों से अपने लेटर पैड पर स्कूल का नाम, एंट्री लेवल कक्षा, सीट के साथ 2023- 24, 2024- 25, 2025- 26 का बच्चों का डाटा भी मांगा गया है. इसके साथ विभाग की तरफ से 2026- 27 में फीस का ब्योरा देने को कहा गया है. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और वंचित वर्ग का एडमिशन पिछले साल की तरह किया जाएगा.
