हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हिसार बस डिपो से बाबा श्याम की नगरी खाटूश्याम के लिए एक और सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है, ताकि यात्रियों का सफर आसान हो सकें. हिसार और आसपास के क्षेत्र के खाटूश्याम श्रद्धालुओं को इस बस के संचालन का विशेष तौर पर फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
हिसार रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की डिमांड पर इस सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है. अब यात्रियों को खाटूश्याम धाम जाने के लिए प्राइवेट वाहनों या राजस्थान रोडवेज का सहारा नहीं लेना पड़ेगा. अभी तक यात्रियों को खाटूश्याम जाने के लिए कई जगहों से बस को बदलना पड़ता था जिसमें समय और पैसा दोनों ही ज्यादा लगते थे, लेकिन अब सीधी बस सेवा शुरू होने पर इस परेशानी से निजात मिलेगी.
यह बस राजस्थान के कई प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ते हुए खाटूश्याम मंदिर पहुंचेगी. इस बस में हिसार से खाटूश्याम के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया लगभग 290 रुपए रखा गया है. यह बस हिसार से रवाना होकर सिवानी, सादुलपुर, चुरू, फतेहपुर और सीकर होते हुए खाटूश्याम पहुंचेगी.
खाटूश्याम एक्सप्रेस की टाइमिंग
यह बस हिसार बस स्टैंड से रोजाना दोपहर 02.27 बजे खाटूश्याम के लिए रवाना होगी. वहीं, वापसी में खाटूश्याम से सुबह 08.40 बजे हिसार के लिए रवाना होगी यानि श्रद्धालु आराम से बाबा श्याम के दर्शन कर इसी बस से वापस लौट पाएंगे.
