गुरुग्राम | हरियाणा में राशन डिपो पर गड़बड़झाले को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत, सभी राशन डिपो पर नई पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीनें लगाई जाएगी. गुरुग्राम जिले की बात करें तो यहां राशन डिपो की संख्या का आंकड़ा 220 है और इन सभी पर जनवरी, 2026 से नई POS मशीनों से राशन वितरित किया जाएगा. सभी राशन डिपो पर CCTV कैमरे लगाने के आदेश दिए गए हैं.

आधुनिक सुविधाओं से लैस
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नई 5G POS मशीनें फिंगरप्रिंट स्कैनर और आइरिस स्कैनर से लैस होगी, जिससे राशनकार्ड धारकों का फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतलियां और चेहरे की पहचान कर राशन वितरण किया जाएगा. इन मशीनों में फेस रीडिंग व ई- तौल की सुविधा जैसे नए फीचर्स जोड़े गए हैं. इससे राशन वितरण में गड़बड़ी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राशन डिपो पर मौजूद 2G POS मशीनों का 1250 रुपए प्रति महीना किराया हैं. सरकार ने प्रति मशीन के हिसाब से नया किराया निर्धारित किया है. अब प्रति राशनकार्ड धारक पर सरकार 3.25 रुपए किराया देगी.
राशन डिपो पर लगेंगे CCTV
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी राशन डिपो को हाईटेक बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया गया है. पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पंचकूला से इसकी शुरुआत हो गई है. उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में राशन वितरण होगा, तो इससे डिपो होल्डर किसी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं कर पाएंगे.