मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन की रोहतक तक विस्तार की उठी मांग, इन धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर जाने वालों की होगी मौज

रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों को एक और लंबी दूरी की ट्रेन की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है. बता दें कि दिल्ली- बहादुरगढ़- रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति ने मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार रोहतक जंक्शन तक करने की मांग उठाई है. इस संबंध में रेलमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है. समिति ने बताया कि इससे यात्रियों को न केवल एक और सीधी ट्रेन सेवा का तोहफा मिलेगा, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी.

Railway Station

शकूर बस्ती तक आएगी मसूरी एक्सप्रेस

समिति के प्रवक्ता ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक की ओर से 12 दिसंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार ट्रेन नंबर 14041/42, मसूरी एक्सप्रेस का विस्तार अगले साल 15 जनवरी से दिल्ली जंक्शन से शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन तक किया जा रहा है. यह ट्रेन नए नंबर 14341/42, के तहत शकूर बस्ती से देहरादून के बीच नियमित रूप से संचालित होगी.

उन्होंने बताया कि वर्तमान शेड्यूल के मुताबिक यह ट्रेन देहरादून से रात 09.20 बजे चलकर सुबह साढ़े 7 बजे दिल्ली जंक्शन और 08.25 बजे शकूर बस्ती स्टेशन पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में यह ट्रेन रात 09.20 बजे शकूर बस्ती से चलकर 10.25 बजे दिल्ली जंक्शन और अगले दिन सुबह 09.05 बजे देहरादून पहुंचेगी. यानि यह ट्रेन दिन में लगभग 13 घंटे तक शकूर बस्ती स्टेशन पर खड़ी रहेगी.

यह भी पढ़े -  अब 30 मिनट कम होगा सफर, पानीपत- रोहतक रेलखंड पर बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड

पर्यटकों को मिलेगा फायदा

समिति ने तर्क देते हुए कहा कि यदि इस ट्रेन का विस्तार शकूर बस्ती की बजाय रोहतक स्टेशन तक कर दिया जाएं, तो शकूर बस्ती स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ से भी छुटकारा मिलेगा और बहादुरगढ़, सांपला व रोहतक के लोगों को गढ़मुक्तेश्वर, बिजनौर, हरिद्वार, मसूरी और देहरादून के लिए सीधी ट्रेन का लाभ मिलेगा. इस रेल रूट पर इन तीर्थ व पर्यटन स्थलों के लिए कोई सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध नहीं है. समिति ने रेलमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित और यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए उनकी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.